डिजिटल युग में जनसंपर्क कर्मियों को अपडेट रहना होगा: श्री गोविंद पारीक

मुख्यमंत्री के विशेषाधिकारी सहित 8 लेखकों का हुआ सम्मान

जयपुर। वर्तमान समय में हम डिजिटल युग में हैं। विश्व की आधी से अधिक और देशों अठावन फीसदी आबादी डिजिटल माध्यमों का उपयोग कर रही है। इसका प्रभाव प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया पर भी पड़ रहा है। किन्तु सच्चाई यह भी है कि सभी मीडिया टूल्स का अपना प्रभाव क्षेत्र है। सूचनाओं का जितना प्रसार अब जो रहा है उतना कभी नहीं रहा। इतनी तेज गति से हो रहा है, जितना पहले कभी नहीं हुआ। एक सफल जनसंपर्क कर्मी को ए आई सहित मीडिया संसाधनों का समुचित प्रयोग करना होगा और अपडेट रहना होगा तथा अपनी विश्वसनीयता पर k करना होगा।


यह बात मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के विशेषाधिकारी श्री गोविंद नारायण पारीक ने पब्लिक रिलेशन्स सोसाइटी ऑफ इंडिया के जयपुर चैप्टर द्वारा आयोजित कार्यक्रम में संबोधित करते हुए कही।‌


जनपथ स्थित यूथ हॉस्टल में शनिवार 14 मार्च को आयोजित सम्मान समारोह तथा होली मिलन कार्यक्रम की शुरुआत हाल ही में दिवंगत हुए वरिष्ठ सदस्य साहित्यकार डॉ नरेंद्र शर्मा ‘कुसुम’ को मौन श्रद्धांजलि के साथ हुई।


इसके पश्चात सभी सदस्यों का गुलाल लगाकर स्वागत किया गया। इस दौरान श्रीमती अलका सक्सेना, श्रीमती अंजना बैराठी, डॉ. तनुश्री मुखर्जी, श्रीमती कविता जोशी, श्री योगेश कानवा, श्री लीलाधर एवं श्री सुरेंद्र कुमार शर्मा को इस वर्ष उनकी पुस्तकों के प्रकाशन के लिए सम्मानित किया गया। पॉपुलर प्रिंटर्स के संचालक श्री निर्मल गोयल को मिले बेस्ट प्रिंटिंग अवार्ड के लिए भी सम्मानित किया गया। इस दौरान संस्था के नए सदस्यों का भी दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया गया।


अध्यक्ष श्री वीरेंद्र पारीक ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि जयपुर चैप्टर अपनी गतिविधियों के जरिए जनसंपर्क क्षेत्र से जुड़े लोगों तक पहुंचने में सफल रहा है। जनसंपर्क एवं साहित्य के क्षेत्र में सदस्यों द्वारा जागरूकता के लिए उल्लेखनीय प्रयास किए जा रहे हैं। संस्था जनसंपर्क के क्षेत्र में आ रहे बदलावों और नवाचारों से सदस्यों को अवगत करा रही है।


कार्यक्रम में बीबीसी के एशिया पेसिफिक संवाददाता श्री संजीव श्रीवास्तव और श्री वी के सिंघवी ने भी संबोधित किया। श्री ईश्वर दत्त माथुर ने जयपुर की पारंपरिक होली रचना का गायन कर समारोह में उत्सवी रंग घोल दिए। समारोह में सदस्यों ने फूलों की होली खेली और मनोरंजक गतिविधियों का आनंद उठाया। इस अवसर पर होली की रंग बिरंगी उपाधियों से चैप्टर के सदस्यों को भी नवाजा गया।


अंत में, चैप्टर की उपाध्यक्ष श्रीमती कविता जोशी ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम के दौरान सचिव श्री मनीष हूजा, वरिष्ठ मार्गदर्शक श्री कल्याणमल कोठारी, डॉ. संजीव भानावत सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन श्री चंद्रशेखर पारीक ने किया।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.